मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026

आदर्शवादी

ये तो भला हुआ जो राम जी ने अपने अवतार के लिये त्रेता युग को चुना. तब से अब तक धरा पर, विशेष रूप से इण्डिया में, भीषण परिवर्तन आ चुका है. मीडिया जजमेंट के दौर में किसी के लिये आदर्शवादी बन जाना तो बहुत आसान है. लेकिन आदर्शवादी बने रहना बहुत मुश्किल है. जिनका आदर्शों से कुछ लेना-देना नहीं है, वो हर समय आदर्शवादी पर नज़र रखते हैं. और आप चूके नहीं कि वो मखौल उड़ाना शुरू कर देते हैं. बड़े आदर्शवादी बने फिरते थे. हो गयी ना, टांय-टांय फिस्स. इसीलिये ये लोग अपने जीवन में आदर्शवाद जैसी किसी बीमारी को पालना पसन्द नहीं करते. देश के हर आदर्शवादी पर हर समय, हर जगह स्पॉट लाईट तनी रहती है. वारदात जंगल में होती है और शाम होते-होते किसी न किसी चैनेल पर एक्सक्लूसिव ख़बर आ जाती है. इसी कारण से मोरों ने जंगलों में नाचना छोड़ दिया है. उनका कहना है कि जंगल में भी प्राइवेसी नाम की कोई चीज़ नहीं रह गयी है. आदर्शवादियों को सबसे अधिक तकलीफ़ तो ख़ुद अपने ही ज़मीर से है, जो मानता है - कोई देखे या न देखे अल्ला देख रहा है. गोया आदर्श न हो गया, इकतरफ़ा इश्क़ हो, या तो आपको पता है या आपके अल्ला को. फ़ाकिर साहब ने बजा फ़रमाया है कि-

अपनी नज़रों में गुनाहगार न होते, क्यूँ कर 

दिल ही दुश्मन है मुख़ालिफ़ के गवाहों की तरह  

शिक्षा और शिक्षण संस्थान बढ़ने के साथ उम्मीद थी कि संस्कारी युवा राम के आदर्शों का अनुसरण करेंगे. राम बढ़ने और रावण कम होने चाहिये थे, लेकिन हुआ उल्टा. रावणों संख्या में बेतहाशा वृद्धि हुयी है. समाज में रावण इस कदर बढ़ गये हैं कि अब एक-दो राम से काम नहीं चलने वाला. आज जब कोई भी ऐसा काम करता है, जैसा किसी शिक्षित व्यक्ति को नहीं करना चाहिये, तो प्रायः अनपढ़ लोग भी कह देते हैं - देखने में तो पढ़े-लिखे लगते हो. जब से शिक्षा ने उद्योग का रूप ले लिया, शिक्षकों की विवशता हो गयी है कि उन्हें स्कूल भी फैक्ट्री की तरह चलाना है. घाटे के लिये तो कोई बिजनेस करता नहीं. बच्चे पढ़ें या न पढ़ें, किसी को फ़ेल नहीं करना है. बच्चों की संख्या कम नहीं होनी चाहिये. पहले आचार-व्यवहार-विचार-संस्कार घर वालों की जिम्मेदारी हुआ करती थी. अब घर वाले ख़ुद इतने बिज़ी हैं, इतने बिज़ी हैं, कि अपने बच्चों के लिये ही समय नहीं है, उनके पास. पूछो तो बिज़ी कहाँ हो तो पता चलेगा, मम्मी-पापा बच्चों को एक सुरक्षित भविष्य देने के लिये वन-टू का फ़ोर करने में व्यस्त हैं. पैसा इतना कि पूरा घर गैजेट्स से भरा पड़ा है पर बच्चों के लिये समय ही नहीं है. फ़ास्ट फ़ूड खा कर पल-बढ़ रहे बच्चे, अपने माँ-बाप से तो फ़ास्ट निकलने ही थे. 

स्कूल में गलती से किसी टीचर ने किसी बच्चे को सुधारने का प्रयास शुरू कर दिया, तो अगले ही दिन माँ-बाप आ कर पिल पड़ेंगे कि जिस बच्चे का हम फ़्री डेवलेपमेंट कर रहे हैं, आप उसे टेम करने का प्रयास कर रही या रहे हैं. जब तक बच्चे का उन्मुक्त विकास नहीं होगा, वो अपने और देश के लिये सही-गलत का निर्णय नहीं ले पायेगा. वैसे फ़्री डेवलपमेन्ट के पीछे कोई उनकी रणनीति नहीं है. उन्हें अपनी फ़्रीडम की अधिक चिन्ता है. ताकि बच्चे उन्हें परेशान न करें. पुरानी पीढ़ी के माँ-बाप ने अपने बच्चों को तमीज़-तहज़ीब सिखाने का बीड़ा उठा रखा था. अड़ोसी-पड़ोसियों को भी इस काम का जिम्मा दे रखा था. यदि साहबजादे कुछ गलत करते दिख जायें, तो जैसे आपका बच्चा वैसे हमारा बच्चा. छोड़ियेगा नहीं. मैथ्स और इंग्लिश की टीचर से तो अनुनय-विनय करके आते थे कि बाकी सब्जेक्ट्स में भले फ़ेल हो जाये, आप इसे सिखाने के लिये जितने भेद (साम-दाम-दण्ड) सम्भव हैं, सब लगा दीजियेगा. अब बेचारी टीचर भी क्या करें. साम-दाम बच्चों पर तो काम करेगा नहीं, इसलिये उन्हें दण्ड भेद लगाना पड़ जाता था. हम लोग भी पास-पड़ोस-घर पर पिट-पिटा के इतने थेंथर हो चुके होते थे कि उट्ठक-बैठक या मुर्गा बन जाने जैसे दण्ड हमारे मनोरंजन बन गये थे. लिहाजा मजबूरन टीचर को डंडा निकालना पड़ जाता. पिटने के बाद भी ये दुविधा रहती कि घर पर टीचर की शिकायत की तो फ़िर तुड़ाई का दूसरा राउंड और चलेगा. स्कूल में तो टीचर को और भी बच्चों को सुधारना होता था, इसलिये एक-दो स्केल मार के छोड़ देतीं थीं. घर पर तो बस हम दो-हमारे दो वाली बात थी. पेरेंट्स भी इतने संस्कारित थे कि बिना गलती के दूसरे को तो पीट नहीं सकते थे. तो साहब, स्कूल की बात स्कूल में ही झाड़ कर हम वापस लौटते थे. तमाम सामाजिक विषमताओं से जूझने के बाद भी आज जो हममें संस्कार जैसी चीज़ लेशमात्र भी बची रह गयी है, तो उसमें हमसे पहले वाली पीढ़ी के माता-पिता-गुरु-सगे-सम्बन्धियों का अमूल्य योगदान है. इन्हीं के कारण हमारी सैंडविच  पीढ़ी दब्बू बन के रह गयी. पहले माँ-बाप से डरती रही, इसलिये बच्चों का अतिशय फ़्री डेवलपमेंट कर डाला. अब बच्चों से डरी घूम रही है.   

फ़्री डेवलपमेंट का प्रयोग जो भूतकाल में हो रहा था, उसके नतीजे अब सामने आने लगे हैं. आज का युवा घर-समाज-देश हर तरफ़ से फ़्री है. इतना फ़्री की अपनी फ़्रीडम से अधिक उसे कुछ भी पसन्द नहीं है. घर पर सब सुविधायें उसे तश्तरी में मिली हैं, इसलिये संघर्ष का अर्थ उसे समझ नहीं आता. जो उनको समझाये या उनको ज्ञान देने की कोशिश करे, तो वो क्रान्ति के मूड में आ जाते हैं. इन्कलाब ज़िन्दाबाद. बहुतों को ये भी नहीं मालूम कि इन्कलाब क्या है और ज़िन्दाबाद किस चिड़िया का नाम है. किसी ने बर्गला दिया तो फैशन समझ कर जन्तर-मन्तर पर झड़वाने-फूंकवाने पहुँच जायेंगे. और जरा सी झाड-फूँक हुयी नहीं कि अन्याय और अत्याचार की दुहाई देने लगेंगे. वाटर कैनन के प्रहार में जेन-ज़ी का डान्स देख कर लगता है, इन्हें जुल्म क्या होता है, ये सिखाने के लिये स्पेशल स्कूल खोले जायें. सरकार को चाहिये कि हमारी पूरी पीढ़ी को फ़्रीडम फाइटर कोटे में आरक्षण दे दे. बहुत जुल्म सहे हैं हमने, घर के अन्दर भी और बाहर भी.    

जेन-ज़ी की फ़्रीडम की परिभाषा अपनी व्यक्तिगत स्वतन्त्रता को लेकर है. ये बस कम्प्लीट फ़्रीडम चाहते हैं. इतनी फ़्रीडम कि जिसमें जिम्मेदारी जैसी कोई चीज़ न हो. इतनी फ़्रीडम, इतनी फ़्रीडम, कि आज का युवा समाज पति या पत्नी बनने की भी जिम्मेदारी लेने से भी इसलिये बचना चाह रहा है कि शादी के बाद अपनी आज़ादी तो गयी. इसलिये लिव-इन के प्रावधान को विदेशों से इम्पोर्ट किया है. यहाँ के जेन-ज़ी इम्पोर्टेड विचारों की नाव पर क्रान्ति की सवारी करना चाह रहे हैं. विदेशों में रह रहे इनके विचारिक गुरुज़ इन्हें बात-बे-बात उकसाते रहते हैं. जिन विकसित देशों से ये लिव-इन की अवधारणा ले कर आये हैं, वहाँ लिव-इन भी एक अनुबन्ध की तरह है. उसके अपने नियम-कानून-क़ायदे हैं. उसमें भी सबसे अधिक मूल्य सामाजिक नैतिकता का है. कुछ लिव-इन तो जीवनपर्यन्त चल जाते हैं. यहाँ युवाओं में लिव-इन की स्वीकृति ही ट्रायल के कॉन्सेप्ट से हुयी है. दो-चार साल साथ रह कर देखते हैं कि साथ रह पायेंगे भी या नहीं. जब मेरा-तेरा दोनों का डेवलपमेंट फ़्री वातावरण में हुआ है तो देखना ये होता है कि कौन किसे, कब-तक झेल पाता है. अमूमन जिसके साथ ट्रायल चल रहा हो, उसके साथ शादी की नौबत नहीं आती. यदि शादी की नौबत आ भी जाये तो कच्चों-बच्चों का झंझट क्यों पालना. इस स्तर की आज़ादी हम जैसी बैकवर्ड पीढ़ी की समझ से बाहर है.   

साठ साल की उम्र में केबीसी के माध्यम से ज्ञानार्जन करने का मेरा कोई विशेष प्रयोजन नहीं रहता. लेकिन उसमें आये प्रतिभागियों के बारे में सुनने और जानने की उत्सुकता इस कार्यक्रम को देखने को बाध्य करती है. उस पर बड़े भाई, अमिताभ जी का क्या कहना. सबको इस सहजता से सहज बनाये रखते हैं कि लोग खुलने में देर नहीं लगाते. हम तो यही सोचते रहते हैं कि यदि कभी अमिताभ जी से आमना-सामना हो ही गया, तो फिराक़ साहब की तरह, 'उनको देखें कि उनसे बात करें' वाली स्थिति न आ जाये. केबीसी फॉलो करने के कारण मुझे कुछ-कुछ आभास हो जाता है कि नयी पीढ़ी किधर जा रही है और कहाँ तक सोच सकती है. यदि आपको 'डीआईएनके' के बारे में नहीं पता, तो आपको केबीसी देखने की मुफ़्त सलाह मै बिना माँगे दे देना उचित समझता हूँ. मुझे नहीं मालूम था. एक कन्टेस्टेंट ने इस पर प्रकाश डाला कि इसका मतलब है 'डबल इनकम, नो किड'. 

जब से जेन-ज़ी का प्रोटेस्ट देख रहा हूँ, समझना कठिन नहीं है कि देश को फ़्री डेवलपमेन्ट की कीमत चुकानी पड़ रही है. भारत एक जीवन्त संस्कृति है, इसे आप एक दृष्टि या दृष्टिकोण से नहीं देख सकते. इसके लिये चाहिये विहंगम दृष्टि, जो सब कुछ आत्मसात कर सके, सही को भी और गलत को भी. हमारे ग्रन्थ इस बात के प्रमाण हैं. लेकिन अपनी जड़ों से दूर होती, सिर्फ़ अन्ग्रेज़ी को ही ज्ञान मान लेने वाली पीढ़ी के साथ देर-सवेर ये दिक्कत आनी ही थी. शायद वर्तमान व्यवस्था युवाओं में इन्हीं जीवन मूल्यों का पुन: रोपण करने का प्रयास कर रही है. वर्ना घर में भी  कोई जेन-ज़ी हो या अल्फ़ा, यदि बेसिर-पैर की बात करे, तो बापथी लठिया कर बाहर का रास्ता दिखा दे. 

जब प्रेस और मीडिया उतना सशक्त नहीं था, बहुत लोगों को देश ने महान बना दिया या मान लिया. आज तथाकथित नयी सोच के लोग राम और कृष्ण के अस्तित्व और व्यक्तित्व पर प्रश्न उठाने लगे हैं. देश को अपने आदर्शों, अपने मूल्यों को पुनर्स्थापित करने की आवश्यकता है. चीन-जापान-अमरीका-ब्रिटेन या अन्य विकसित देशों ने कभी विदेशी मूल्यों को महिमामंडित करने का प्रयास नहीं किया. वैश्वीकरण के इस युग में जब दुनिया भारत के आदर्शों और जीवन मूल्यों के प्रति सहिष्णु होती जा रही है, हम अपने ही घर में दुविधा पाल कर बैठ गये हैं. इसके पीछे अन्ग्रेज़ी शिक्षा पद्यति ने विशिष्ट भूमिका निभायी है. हमने अन्ग्रेज़ी में लिखी हर बात और शिक्षा को ही पूर्ण सत्य, और अपने ही पुरातन ज्ञान-विज्ञान पर प्रश्नचिन्ह उठाने को, विकास मान लिया है. आज का भौतिकतावादी ज्ञान पे-पैकेज में तौला जा रहा है. जबकि शिक्षा का उद्देश्य हुआ करता था - शिक्षार्थ आइये, सेवार्थ जाइये. 

भौतिक विकास के साथ, स्वार्थ, सेवा पर हावी होता चला गया. वर्तमान परिदृश्य के लिये हमारी ही पीढ़ी जिम्मेदार है, जिसे लगता था कि हमें बहुत अंकुश में रखा गया, इसलिये हम बच्चों के लिये फ़्री डेवलपमेंट का वातावरण तैयार करेंगे. लेकिन हम भूल गये - फ़्रीडम इज़ नॉट फ़्री. हर पीढ़ी को अपनी लड़ाई लड़नी होती है. बिना लड़े आज़ादी मिल जाती है, तो लोग उसका मूल्य नहीं समझते. वे अपने देश-समाज और यहाँ तक की अपने माँ-बाप से भी आज़ादी माँगने लगते हैं. एक तरफ़ वो उन देशों से तुलना करते हैं जहाँ आज़ादी है, लेकिन नियम-कानून-कर्तव्यों में लिपटी. ढाई साल के बच्चे को भी पता है कि क्या चीज़ कानूनन गलत है या सही. नियम-तमीज़ का पालन करना उनको घुट्टी में पिलाया जाता है. इसीलिये जब भी कोई विकसित भारत की बात करता है तो सबसे पहले नागरिक और व्यक्तिगत विकास पर बल देना होगा. ढाई साल के बच्चे पर निवेश कीजियेगा, तब ही हम पच्चीस साल बाद विकसित देश बन पायेंगे. लेकिन तब तक बहुत देर हो जायेगी. इसका दूसरा तरीका है पच्चीस से साठ साल के युवाओं (आजकल कोई बुजुर्ग नहीं होता) से लट्ठ ले कर नियम-कानूनों का पालन कराया जाये. उन्हें लगेगा कि उनकी आज़ादी पर हमला है लेकिन 'लेट देम फ़ील, हाउ आज़ादी वाज़ ऑबटेंड'. तब शायद वे समझ पायें, आज़ादी की क़ीमत. ख़ास तौर पर वे लोग जो जन्तर-मन्तर के पीसफुल नियन्त्रण को ही अत्याचार बताने में लगे हैं.  

हम लोगों को बचपन से आज तक, राम और रावण के बेसिक चरित्र के विषय में कोई दुविधा नहीं रही है. राम यानि मर्यादा पुरुषोत्तम, कुछ भी हो जाये, राम गलत हो ही नहीं सकते. यदि कुछ गलत करना भी पड़ा, तो उसके पीछे लक्ष्य धर्म की स्थापना का ही रहा है. आज अन्ग्रेज़ी में हिन्दी पढ़े लोग जब राम और कृष्ण की अवधारणा पर प्रश्न करते हैं तो लगता है, इस पर भी नियम और कानून बनना चाहिये कि आपकी स्वतन्त्रता कहाँ तक है और कहाँ पर समाप्त होती है. बचपन में एक कोट पढ़ा था - योर फ़्रीडम एंड्स वेयर माई नोज़ बिगिन्स. कानून बनाना ही काफ़ी नहीं है, उसका पालन करना और कराना सरकार ही नहीं, प्रत्येक नागरिक का भी कर्तव्य है. तो ले-दे कर बात  आती है, हम सब पर, कि हम जैसा भारत देखना चाहते हैं, उसके लिये हम सबको मिल कर प्रयास करना होगा. 

आज विजयदशमी है. सब लोग एक-दूसरे को विजयदशमी की शुभकामनायें भेज रहे हैं. उसमें कुछ-कुछ सन्देश रावण के प्रति सहानुभूति प्रदर्शित करने वाले प्रतीत हो रहे हैं. वो ये बताते घूम रहे हैं कि समाज में बहुतायत से पाये जाने वाले रावण, आज राम बन कर रावण-दहन करेंगे. रावण को प्रकाण्ड पण्डित और ज्ञानी-ध्यानी बताने के भी प्रयास हो रहे हैं. नयी सोच, कुछ नया नहीं सोचेगी तो क्या सोचेगी. ये हर उस विचार के विरोध में हैं, जो इन्हें मर्यादा और कर्तव्य का पालन करने के लिये प्रेरित करना चाहता है. प्रजातन्त्र को भीड़तन्त्र में परिवर्तित करने में राजनीति ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है. जिसके पास हज़ार-पाँच सौ लोग हैं, वो कहीं भी चक्का जाम कर सकता है. हाल ही में एक राजनेता के सुपुत्र से मिलने का मौका मिला. उनकी चाल-ढाल और लक्षण अभी से वही थे जो रगड़-घिस के उनके पिता जी के थे. ताक़त की अपनी भाषा, अपना मिजाज़ और अपना रुआब हुआ करता है. इसके बिना इन्हें सारा जग सूना-सूना सा लगता है. मेरे एक बॉस हुआ करते थे. जब तक वो कुर्सी पर रहे, रावण और दुर्योधन को जस्टीफ़ाई किया करते रहे. बताओ कोई किसी की बहन की नाक काट ले या किसी के बाप को ज्येष्ठ पुत्र होने के बाद भी उत्तराधिकार न मिले, तो वो क्या करेगा. कुर्सी से उतरते ही उनके विचारों में अमूल-चूल परिवर्तन आ गया. अब वे गाँधी के आदर्शों की बात करते हैं.

परिवर्तन प्रकृति का नियम है. समाज में आदर्श स्थापित किये जाते हैं ताकि एक सभ्य-सुसंस्कृत समाज का निर्माण हो सके. मीडिया युग में यदि राम और कृष्ण भी पुन: धरा पर अवतरित हो जायें, तो लोग ये कह कर ख़ारिज कर देंगे कि आज के युग में कौन ऐसा व्यक्ति हो सकता है, जिसने समाज में मूल्यों की पुनर्स्थापना के उद्देश्य से जन्म लिया हो. जीवन के उतरार्द्ध में पहुँचने के बाद एक बात तो स्पष्ट है, दुनिया बदलने के लिये, दुनिया को बदलने की कोई ज़रूरत नहीं है. ज़रुरत है ख़ुद को बदलने की. आप जैसी दुनिया चाहते हैं, वैसी दुनिया बनाइये अपने आस-पास. वैसी ही दुनिया अपने साथ ले कर चलिये. आपको देख कर शायद दो-चार लोग भी स्वयं को बदलने का प्रयास करें. जेन-ज़ी के पास आत्ममन्थन का समय नहीं है. अन्ग्रेज़ों से आज़ादी में चार सौ साल लग गये. इन्हें इसी जीवन में अमरीका-इंग्लैण्ड जैसा विकसित देश चाहिये, वो भी अपनी निरन्कुश-बेलगाम आज़ादी के साथ. इन्स्टा और यूट्यूब के माध्यम से देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्त हो कर जो रातों-रात महापुरुष बनने का ख़ुमार तारी है, उससे किसी का भला होने वाला नहीं. न इनका, न देश का. विश्व को अहिन्सा का सन्देश देने वाले देश में, इनको भली-भाँति मालूम है कि यहाँ पिछवाड़े पर ढंग से लट्ठ तो बजने से रहा. यहाँ बस ईश्वर से सबके लिये सद्बुद्धि की कामना ही की जा सकती है. हमारे कॉलेज की दीवार पर अन्कित अधोलिखित वाक्य आज भी हमारे विवेक को चुनौती देता रहता है.

'शिक्षा मनुष्य की प्रवृत्ति को मुक्त करने के लिये है'.

-वाणभट्ट 

शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2026

इतिहास

कभी-कभी आपको लगता होगा कि इतिहास हमें पढाया ही क्यों जाता है, जब सारे प्रीमियम क्वालिटी जॉब्स पर विज्ञान के छात्र काबिज हैं. लोग तर्क दे सकते हैं कि सभी विषय बराबर हैं और सभी में जॉब्स की अभूतपूर्व संभावनायें हैं. लेकिन ये भी एक ज्ञात सत्य है कि हाईस्कूल और इन्टर आते-आते हर छात्र को ये अनुमान लग जाता है कि किस विषय से उसका आगे पाला न पड़े तो बेहतर है. समाजवाद, जिसे मसाजवाद कहना अधिक श्रेयस्कर होगा, सबको बराबर सिद्ध करने में लगा है. मसाजवाद, शब्द इसलिये अधिक एप्रोप्रियेट है, कि इसमें हर एक के अहम् की तुष्टि करनी होती है. तानाशाही होती तो किसी को तेल लगाने की ज़रूरत न होती. प्रजातन्त्र में जनता ही जनार्दन है. किसी भी देशकाल में विद्वानों की संख्या अल्पज्ञों से अधिक नहीं रही है, न हो सकती. विक्रमादित्य हों या अक़बर, उन्होंने कन्सल्टेंसी के लिये नौ रत्न ही क्यों चुने, वो सौ रत्न भी अपॉइन्ट कर सकते थे, उन्हें भला क्या कमी थी. लेकिन उन्हें सुराज डिलीवर करना था. योग्यता जब उस ज़माने में आपेक्षित थी, तो आज तो उसकी आवश्यकता और भी प्रासंगिक है. लेकिन जब से ये मसाजवाद आया, हर किसी को ये बताया जाने लगा कि ईश्वर ने इंसान बनाया है और हर इंसान बराबर है. चूँकि हर इंसान बराबर है, तो हर जगह बराबरी एक नैसर्गिक न्याय है. ये बात अलग है कि एक ही घर में एक ही माता-पिता से उत्पन्न चार भाई बराबर नहीं हैं. और माँ-बाप भी बच्चों के साथ समानता का व्यवहार नहीं कर पाते. लेकिन अगर समानता सरकार से लेनी हो तो हर कोई तैयार है, धरना-प्रदर्शन के लिये. 

यही व्यवस्था पाठ्यक्रम के सभी विषयों पर भी लागू कर दी गयी. हर विषय बराबर महत्वपूर्ण है. फिर क्या तबला, क्या सितार, क्या इतिहास, क्या भूगोल, क्या क्वांटम फिज़िक्स, क्या थर्मोडायनमिक्स, सब एक तराजू में तौल दिये गये. बचपन से रगड़-घिस के इंजीनियरिंग और मेडिकल में जाने वालों की कुण्ठा जायज़ है. मौज-मस्ती के साथ बीए पास सहपाठी प्रशासक बन कर उसी पर रौब गाँठने का मौका नहीं छोड़ता. एक परिवार में सब बराबर नहीं हैं, तो एक देश में हर व्यक्ति बराबर करने का सपना देखने और दिखाने वाले, मात्र अपना स्वार्थ सिद्ध करने में लगे हैं. कितने ही महापुरुष सबको बराबर करते-करते, बिना कोई उद्यम लगाये, अम्बानी-अडानी से टक्कर ले रहे हैं. अगर सब आदमी बराबर हैं, तो फिर एग्ज़ाम्स की अवधारणा ही गलत है. जो जिस इलाके में पैदा हुआ, उसी इलाके में पढ़े-लिखे, काम करे. हर जगह, हर काम की ज़रूरत है. ये क्या कि पढ़ाई की कन्नौज में और नौकरी करने जा रहा है, फ़ौज में. उत्तर प्रदेश और बिहार के लोग पूरी दुनिया में झंडे गाड़ रहे हैं, उनके लिये उनके अपने प्रदेश में ही रोजगार के अवसर नहीं हैं. 

जब से इतिहास और हिन्दी जैसे मानविकीय (ह्यूमैनिटीज़) विषयों को लेकर लोग शासक-प्रशासक बनने लगे, इंजीनियर्स ने प्रशासनिक सेवाओं को अपना लक्ष्य बनाना आरम्भ कर दिया. नतीज़ा पिछले दस सालों में प्रशासनिक सेवाओं में इंजीनियर्स का चयन 70% तक पहुँच गया. और विशेषता ये है कि इनमें से 90% इंजीनियर्स ने परीक्षा के लिये मानविकीय विषयों का ही चयन किया. यहाँ भी मसाज करने के उद्देश्य से कला-विज्ञान-वाणिज्य-मेडिकल-इंजीनियरिंग सबको बराबर मान लिया गया. किन्तु प्रशासन में जिस संवेदनशीलता की आवश्यकता होती है, उसको मापने के लिये कोई टेस्ट नहीं डिज़ाइन किया गया है. प्रशासनिक पदों पर रहते हुये, आपने यदि अपनी संवेदना का प्रदर्शन कर दिया, तो वही बॉस जो आपका वार्षिक मूल्याङ्कन करता है, उसके नाराज़ होने की सम्भावना प्रबल हो जाती है. चूँकि नौकरी में ना-करी का रिवाज़ नहीं है, इसलिये यदि आप पद में निहित शक्तियों का उपयोग कर वाकई समाज के लिये कुछ करना चाहते हैं, तो आपको अपने ही विभाग के धृतराष्ट्रों-दुर्योधनों-कर्णों से लड़ना पड़ेगा. शरद जोशी साहब ने अपने किसी ग्रन्थ में पहले से ही लिख रखा है - युद्धभूमि में अर्जुन ने कृष्ण से कहा - प्रभु, चाचा-भाई-भतीजों से तो मै निपट सकता हूँ, पर आप देख नहीं रहे हैं, सामने बॉस भी खड़े हैं, इस तरह के धर्म युद्ध से मै तो बाज आया. 

जिनका ज़मीर ज़रुरत से ज्यादा जाग्रत होता है, वे हर जगह यूँ और क्यूँ करने लगते हैं. ऐसे लोगों को सिस्टम मिसफिट डिक्लेयर करके किनारे बैठा देता है या उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया जाता है. जिन्हें अंदेशा हो जाता है कि यहाँ सर्वाइवल कठिन है, तो नौकरी में रहते हुये जो न कर पाये, उसे करने का सन्कल्प लेकर, स्वतः ही पद छोड़ के निकल लेते हैं. उन्हें समझ आ जाता है कि नेतागिरी ही एक माध्यम है जिसके द्वारा वो समाजसेवा कर सकते हैं. ये अलग बात है कि आत्म-उत्थान के लिये समर्पित जनसेवक, प्रायः इस बीमारी से ग्रसित नहीं होते और नौकरी में संवेदनशीलता की कतिपय गुंजाइश नहीं होती.

विज्ञान और अभियांत्रिकी का छात्र होने के नाते, मुझे सब्जेक्टिव विषय वैसे ही लगते हैं, जैसे वाणभट्ट के ब्लॉग. जब जैसा मन हुआ, वैसी व्याख्या कर डाली. सही को गलत और गलत को सही सिद्ध करने का कार्य, या तो कवि-लेखक कर सकते हैं या इतिहासकार. भूगोल भी कुछ हद तक वैज्ञानिक है. इसमें अपने मन से कुछ भी भाँजने की गुंजाइश कम होती है. लेकिन इतिहास और हिन्दी ऐसे विषय हैं, जिसमें यदि आप थोड़े भी कल्पनाशील हैं, तो कॉपी खाली नहीं रहने वाली. शायद इसीलिये सिविल सेवा के एग्ज़ाम्स में ये छात्रों के पसन्दीदा विषय होते हैं. इतिहास में थोडा क्रोनोलॉजी का मग्घा मारने की आवश्यकता होती है, हिन्दी में तो वो भी नहीं करना. कला विषयों की प्रत्येक पुस्तक में पहला अध्याय मात्र ये सिद्ध करने में लग जाता है कि इतिहास भी विज्ञान है. राजनीति शास्त्र को तो पॉलिटिकल साइंस ही घोषित कर दिया गया. हिन्दी और अन्ग्रेज़ी के भी अपने भाषा विज्ञान हैं. संस्कृत पूर्णतः वैज्ञानिक भाषा है, जिसमें गणित की तरह दो और दो के जोड़ का फ़ॉर्मूला लगता है. सही तो सही, फुल मार्क्स. गलत, तो ज़ीरो. लेकिन जिस तरह समर्थ लोग किसी को अपना औचित्य सिद्ध करने की आवश्यकता नहीं समझते, संस्कृत ने भी अपनी गरिमा बनाये रखी, और विज्ञान या अविज्ञान की परिभाषा के चक्कर से बची रही. 

चूँकि आज का विषय इतिहास है, तो ये बताना आवश्यक हो जाता है कि इतिहास, इतिहासकार लोग लिखते हैं. और जब वो घटना या दुर्घटना हो रही होती है तब वो वहाँ उपस्थित नहीं होते. बाद में प्रत्यक्षदर्शी जो उन्हें रिपोर्ट देते हों, उसी के आधार पर वो उस घटना/दुर्घटना को अपने नज़रिये से कलमबन्द करते रहते हैं. ये आज का अटल सत्य बन गया है, जो लिख गया, वो पत्थर की लकीर. किला बनेगा तो समय के साथ खँडहर हो जायेगा, लेकिन जो लिखा जायेगा, वही पीढ़ियों तक पढ़ा-पढ़ाया जायेगा. समय के साथ वही लिखा अमर हो जायेगा. उसी के रेफरेन्स कोट किये जायेंगे, वाणभट्ट  एट आल सन् फलाँना-फलाँना. यदि आप इतिहास पढ़िये तो लगता है कि सारे महापुरुषों को इतिहास में ही जन्म लेना था. आज़ादी की लड़ाई तो बहुतों ने लड़ी, लेकिन हर किसी को स्वतंत्रता सन्ग्राम सेनानी नहीं माना गया. स्वतन्त्रता के पश्चात् जिस पार्टी की सरकार बनी, सारे महान पुरुष उसी के डिक्लेयर हो गये. हर गली-मोहल्ले-चौराहों पर उनकी प्रतिमायें लगीं, तो लोगों की स्मृतियों में वे आज भी जीवित हैं. जिन्होंने शहादत दी या यातनायें सहीं, उनके नाम इतिहास के पृष्ठों में खो से गये. जब से हमने होश सम्हाला एक भी पुरुष (या महिला), महापुरुष (या महामहिला) नहीं बन पाये. आज़ादी के बाद से तो महापुरुषों ने जन्म लेना ही बन्द कर दिया. जो पैदा हुये भी, तो पक्ष और विपक्ष ने उनकी पूरी कुण्डली खंगाल डाली. जब हर पार्टी अपने-अपने महापुरुष लिये घूम रही है, तो किसी एक पुरुष को महापुरुष घोषित करना मुश्किल हो जाता है. स्वीकार्यता इस बात पर बनती है कि एक आपका तो एक हमारा भी. नहीं तो न आपका, न हमारा. इतिहास के इतिहास पर यदि गहन दृष्टि डाली जाये तो ज्ञात होता है कि जो शासक होता है, वो इतिहास लिखवाता है. अब किसी कलमकार की क्या मजाल कि जिल्ल-ए-सुभानी की अमानत में खयानत कर जाये. जान है तो जहान है. मुग़लों ने तो अति कर दी, एक शहर बसाया नहीं, बस शहरों के नाम बदल दिये. मकानों पर कब्जा करने का ये प्रचलन आज भी चल रहा है, नेम प्लेट बदल दो, मकान आपका हो गया. शेर शाह सूरी भाई ने तो गज़ब कर दिया, ढाका से काबुल तक पक्की सड़क का निर्माण करा डाला, अपने दस वर्षों के कार्यकाल में. यहाँ भी नाम पट्ट बदलने की ही सम्भावना लगती है. इसलिये जिसने भी भारत जैसे धर्मपरायण और सहिष्णु देश पर लूट-खसोट के उद्देश्य से हमला किया, उसने ख़ुद को महान घोषित कर दिया. शमशीर के साये में कुछ भी इतिहास लिखवा लो. सत्ता या पद में निहित शक्तियों के दुरूपयोग के आज भी बहुत से उदाहरण मिल जाते हैं. आज़ादी के पचहत्तर साल बाद भी जनता का, जनता के लिये, जनता के द्वारा स्थापित प्रजातन्त्र में ऐसी बानगी देखने को मिलती हो, तो ग़ुलामी काल की बात ही क्या करनी. सरकार क्या बदली नया-नया इतिहास और नये-नये महापुरुष निकल-निकल कर सामने आने लगे. 

आज हम भविष्य के जिस इतिहास को जी रहे हैं, उसे देख कर सहज अनुमान लगाया जा सकता है कि हर तस्वीर के दो रुख़ होते हैं. ये इस बात पर निर्भर करता है कि आप किस तरफ़ से, किस एंगल से देख रहे हैं. पक्ष को कोई कमी नहीं दिखती और विपक्ष को कमी ही कमी दिखती है. पक्ष-विपक्ष दोनों देश का विकास चाहते हैं, लेकिन सत्ता में रहने या आने के बाद. तब तक सब गलत. जब इतने विकास और निष्पक्ष पत्रकारिता के बाद भी लोग मीडिया को गोदी मीडिया कह सकते हैं, तो ये मानना पड़ता है कि वृहद् समाज प्रायः सत्ता के पक्ष में रहता है. विरोध भी वही दर्ज़ करते हैं जो मलाई से वंचित रह जाते हैं. पत्रकारिता को प्रजातन्त्र का चौथा स्तम्भ माना जाता है. जब व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं के चलते विचार और मूल्य बदल जाते हों, तो आप अंदाज़ लगा सकते हैं कि भूतकाल में भी शासकों का प्रभाव किस हद तक लेखक और बुद्धिजीवियों को प्रभावित करता रहा होगा. इतिहास के पन्नों से आज़ादी के कितने ही दीवानों के नाम तक मिटा दिये गये. 

संयोग से हम भविष्य के बनते हुये इतिहास का हिस्सा हैं. 3000 के अल्ले-पल्ले पंजीकृत राजनैतिक पार्टियों के कारण हम हिन्दुस्तान के प्रजातन्त्र को दुनिया का सबसे बड़ा प्रजातन्त्र मान कर गौरवान्वित होते हैं. जब तक प्रजातन्त्र एक परिवार-व्यवस्था के अधीन रहा, सारे महापुरुषों पर उन्हीं का वर्चस्व रहा. जैसे-जैसे प्रजातन्त्र का विकास हुआ, पार्टियों की संख्या में बेतहाशा वृद्धि हुयी. मल्टी पार्टी सिस्टम में हर पार्टी के अपने महापुरुष हैं. कुछ पार्टियों में तो लीडरान की संख्या की तुलना में समर्थकों की संख्या कम है. पार्टी में भी तो हर कोई किसी न किसी पद का आकान्क्षी है. हर वह व्यक्ति जो हज़ार-पाँच सौ वोटों को प्रभावित कर सकता है, नेता बना घूम रहा है. क्या मजाल कि कोई उनके नेता के विरुद्ध कुछ लिख-बोल दे, इतने अनुयायी तो पले ही हुये हैं कि कहीं भी, कोई भी, चक्का जाम कर दें. व्यापक बेरोजगारी में धरना-प्रदर्शन-चक्का जाम एक उद्योग की तरह फल-फूल रहा है. जिस इतिहास को हम जी रहे हैं, उसे देख-सुन कर पढ़े हुये इतिहास से विश्वास उठ सा गया है. बताइये आज कोई ऐसा नेता हो सकता है, जिसके पीछे पूरा देश खड़ा हो जाये. तब भी नहीं रहा होगा, लेकिन जिसका मीडिया मैनेजमेंट जितना बढ़िया रहा होगा, वो महान बन गया. जिस देश में सबको अपनी-अपनी पड़ी हो उससे समझदार देश खोजना मुश्किल है. यदि भगत-उधम जैसे दीवाने होते तो क्या समझते हैं आप, अन्ग्रेज़ हों या मुग़ल, कितने दिन टिक पाते. छोटे-छोटे व्यक्तिगत लाभ के लिये, जब आज भी लोग नैतिक मूल्यों और आदर्शों को तिरोहित कर सकते हैं, तो वफ़ादारी के ईनाम के तौर पर मुगलों के ज़माने में तो निजाम और अंग्रेजों के ज़माने में राय बहादुर की पदवियों से नवाज़ा जाता था. इस देश में क्रान्ति करने की प्रथा नहीं है, वर्ना देश को सैकड़ों वर्षों की गुलामी न झेलनी पड़ती. अमरीकी क्रान्ति पाँच-सात साल में ख़त्म हो गयी. सौ-दो सौ साल भला कौन सी क्रांति चलती है.   

अतीत के इतिहास ने कितने ही महापुरुषों को हाशिये में दफ़न हो गये. स्थापित महापुरुषों को इतना महिमामंडित किया गया कि युवा पीढ़ी आज़ादी के अन्य वीर सपूतों के विषय में जान ही नहीं पायी. सुभाष-आज़ाद-भगत-पटेल-सावरकर के योगदान को उतनी तरजीह नहीं मिल सकी. एक बार भारत के सम्पूर्ण इतिहास के पुनर्लेखन की आवश्यकता है. ताकि हम जान सकें कि हमारा इतिहास और अस्तित्व, अन्ग्रेज़ों-मुग़लों के काल तक ही सीमित नहीं था, और दिल्ली ही भारत नहीं था. आज़ादी की लड़ाई में कितनों ने अपना सर्वस्व गँवाया. उनको भी इतिहास के पन्नों में जगह मिलनी चाहिये. अहिंसक आज़ादी की जिस परिकल्पना पढ़-सुन कर हम बड़े हुये, वही हमारा इतिहास है, वही हमारा सच है. वर्तमान परिस्थितियों को देख कर सहजता से अनुमान लगाया जा सकता है कि इतिहासकारों ने उस समय के शासकों के मनमाफ़िक ही लिखा होगा. और जनता को भी वही दिखाया गया होगा. आज इन्फोर्मेशन एक्सप्लोज़न के युग में आम आदमी भी जागरूकता के चरम पर है, कोई किसी को यूँ ही महान नहीं मान लेगा. हर व्यक्ति, हर महापुरुष को अपने चश्मे से देख रहा है. यदि किसी ने गलती से किसी को महान बोल दिया, तो लोग बैठे हैं उसकी महानता का नक़ाब उतारने को. गनीमत है, इतिहास के महापुरुष आज नहीं पैदा हुये, नहीं तो चैटजीपीटी के युग में उनका पूरा इतिहास और भूगोल निकाल लिया जाता. समर्थक समर्थन करते और विरोधी विरोध.  

खोजी पत्रकारिता के नाम पर कोई घोषित कर देता है - कौवा कान ले गया. और रोजगार की तलाश में बैठे लोगों को मुद्दा मिल जाता है. कभी-कभी लगता है, शायद नयी पीढ़ी के मन में आज़ादी के आन्दोलन में भाग लेने की तमन्ना अभी भी बाकी है, इसलिये ये बस मुद्दे खोजते रहते हैं. कुकरमुत्ते की तरह उग जाने वाली पार्टियाँ, आज फ़ेसबुक-इन्स्टा-ट्विटर पर बैठ कर व्यवस्था बदलने का दंभ भर रही हैं. युवा जेन-ज़ी को लोगों ने ऐसे चढ़ा दिया है जैसे इनके पहले की पीढ़ियाँ कभी जवान नहीं थीं और इनके बाद आने वाली नस्लें ढक्कन पैदा होने वाली हैं. अरे भाई दुनिया को आगे ही जाना है, यदि पुतिन-नेतान्याहू-ट्रम्प से बच गयी तो. सिर्फ़ इस्तीफ़ा-इस्तीफ़ा खेलने से  समस्या का समाधान नहीं निकलना, ये बात उन्हें भी पता है. प्रजातन्त्र है, इसलिये सबको आज़ादी है, सोचने की, बोलने की. सोचने-बोलने से भला किस सत्ता को फ़र्क पड़ता है, इसलिये इन्हें धरना-प्रदर्शन-चक्का जाम में ही समाधान दिखायी देता है. टीवी चैनल्स, यू-ट्यूब, सोशल मीडिया किसी अनजान नाम को पूरे देश के घर-घर में पहचान दिला सकने में सक्षम है. और ये पीढ़ी इलेक्ट्रोनिक मीडिया की इस ताक़त को भली-भाँति समझती है. मेरे विचार से जो कुकुरमुत्ते-कॉकरोच टाइप की पार्टियाँ पैदा हो गयी हैं, उन्हें नैशनल लेवल पर आने से पहले अपने आस-पास के ज्वलंत मुद्दों पर काम करना चाहिये.

जिन लोगों को भारत के स्वतंत्रता सन्ग्राम में भाग लेने का मौका नहीं मिला, उनकी तमन्ना पूरी करने के उद्देश्य से एक नया विभाग बनाना चाहिये, जिसमें अन्ग्रेज़ों और मुग़लों के अत्याचारों को सिम्युलेट किया जाये. जिसे भी आज़ादी का ज़्यादा शौक चर्राये, उसे हफ़्ते-दस दिन के लिये सिम्युलेटर में भेज दिया जाये. इनकी आज़ादी की क्रान्ति में भाग लेने की तमन्ना भी पूरी हो जायेगी और देश का अनावश्यक धरने-प्रदर्शन में होने वाले धन और समय का अपव्यय भी बच जायेगा. बाकि प्रजातन्त्र में बात रखने के अपने तरीक़े हैं, उस तरह से भी समस्याओं को निपटाया जा सकता है.    

देश में करने के लिये बहुत काम हैं, आपको देखना है कि कहाँ से शुरू होना है. गली-मोहल्ले में काम करने से नैशनल आइडेंटिटी नहीं बनने वाली इसलिये राष्ट्रीय मुद्दे उठाना बहुत ज़रूरी है. जिन्होंने अपने इर्द-गिर्द स्कूल-कॉलेज-समाज-ऑफ़िस में घटती विसंगतियों के विरुद्ध आवाज़ नहीं उठायी,  वो पूरी व्यवस्था बदलना चाहते हैं, वो भी बिना इलेक्शन लड़े. जेन-ज़ी को देश बदलना है तो बदलाव का हिस्सा बने. शुरुआत अपने अगल-बगल होने वाली अव्यवस्था से लड़ने से शुरू करें. देश सुधारने से अच्छा है, आप जहाँ जिस जगह हैं, वहीं से सुधार आरम्भ कीजिये. आज़ादी की लड़ाई जन्तर-मन्तर पर नहीं लड़ी गयी थी. हर किसी ने अपने-अपने स्तर पर प्रतिरोध किया था. कुछ ने नौकरियाँ छोड़ीं, कुछ ने अखबार निकला, कुछ ने किस्से-कहानी-कवितायें लिखीं. उसके लिये प्रताड़ित भी हुये. आज़ादी नारे लगाने से नहीं मिली होगी. तब मीडिया के इतने माध्यम नहीं थे. आज हर मोबाइल धारक एक पत्रकार है. सच दिखाना जितना आसान हो गया है, उतना ही कठिन हो गया है, सच को छिपाना. भारत में हर किसी के लिये महान बनने के अभी भी बहुत अवसर हैं. बस फ़र्क ये है कि वास्तविकता जमीन पर दिखनी चाहिये. 

जिन लोगों में महान बनने का कीड़ा विद्यमान है, वाणभट्ट उनका आह्वाहन करता है कि आइये, तन-मन-धन से अपना योगदान दीजिये. मीडिया के विकास के युग में कम से कम ये गारेन्टी तो दी जा सकती है कि भविष्य के इतिहास के जिस हिस्से में हम जी रहे हैं, उसमें मैनिपुलेशन की सम्भावना नगण्य है. आप को महान बनने के लिये कठोरतम प्रयास करना होगा. आपके विरोधी हर वो सम्भव हथकण्डे अपनायेंगे जो आपको महान बनने से रोक सके. बाकि अगर ये सरकार भी पिछली सरकार की तरह सत्तर बरस रह गयी, तो कुछ नये महान लोग अवतरित हो जायेंगे. नये इतिहास में पुराने महान किरदारों के गुम हो जाने का भी अंदेशा है. आज अगर गाँधी, कृष्ण या राम भी आ जायें, तो कृतिम बुद्धिमत्ता के इस युग में उनको भी स्वयं को महान सिद्ध करना मुश्किल हो जाये. यकीन मानिये, आज के समय में, जब झींगुर और तिलचट्टे बिना कुछ किये-धरे प्रश्न पूछने लग जायें, तो लगता है, अब बहुत कठिन है, डगर महानता की. 

-वाणभट्ट

इन्टीग्रिटी

अख़बार के पहले पन्नों पर आये दिन ख़बरें कुछ ऐसे छपती हैं, जैसे आज तक ऐसा पहले कभी नहीं हुआ. और प्रेस वाले ऐसी सनसनीखेज ख़बर लेकर पहली बार आपसे ...