शनिवार, 8 जून 2013

भैय्ये

फ़्रांस की वो टीम न आती तो शायद राईस मिल जाने का सौभाग्य न मिलता। वो लोग हिन्दुस्तान से बासमती इम्पोर्ट करने के इरादे से आये थे। वहाँ एक स्पेसिफ़िक अरोमा का बासमती पसंद किया जाता है। उन्हें इम्पोर्ट कनसाइंटमेंट बहुत सी मिक्स्ड फ्रेग्रेंसेस मिला करतीं थीं। सो उन्होंने एक्सपोर्टर कंट्री में जा कर वहाँ की वैरियेबिलीटी का अनुमान लगाना उचित समझा।

बहरहाल मेरी ड्यूटी उन्हें बासमती उत्पादक क्षेत्र की राईस मिलों के दर्शन कराने की लग गयी। हम भारतीयों की खूबी है कि गोरी चमड़ी देख कर अपना हृदय खोल के रख देते हैं। अमूमन किसी भारतीय टीम को किसी मिल में ले जाना हो तो हमारे मिल मालिक कुछ घबरा जाते हैं। पता नहीं कौन टैक्स वाला निकल जाये या प्रदूषण कंट्रोल वाला। आज कल तो खोजी पत्रकारिता से भी डर लगता है। कहीं धूल से अटे पड़े प्लांट में काम करते मजदूरों की फ़ोटो ही न छाप दें। पैरों के नीचे कुचलते चावल को खुबसूरत थैलियों में पैक करते वीडियो न बना लें। थैलियों में पैक हो कर खाद्य पदार्थ का मूल्य और उपयोगिता बढ़ जाती है। 

फ़्रांस के नाम पर कई मिलों ने हमारे मिल विजिट के आग्रह को स्वीकार कर लिया। हम भी समय की पाबन्दी दिखाते हुये सुबह-सवेरे पूरे दल-बल को ले कर चल दिये। फ्रांसीसियों को हिदायत दे दी कि भैय्या फ़ोटो-वोटो मत खींचना, हमारे बिरादर बुरा मान सकते हैं। संभ्रांत देश शायद बातों को आसानी से मान लेते हैं। वर्ना हमें तो वही करना भाता है जिसमें रिस्ट्रिक्शन हो। आज़ाद ख़्याल देश है अपना। 

जब तक हम कोहली राईस मिल पहुँचे तब तक हम कई मिलें घूम चुके थे। कोहली साहब ने स्वल्पाहार की व्यवस्था भी कर रक्खी थी। फ़्रांसिसी तो बाहर खाने-पीने के नाम से ही घबरा जाते थे। हम आतिथ्य को अस्वीकार कर कोहली साहब को नाराज़ कर दें, ऐसा कोई इरादा नहीं था। खाते-पीते लोगों के शहर में खाना-पीना ही आतिथ्य का विशिष्ट लक्षण है। खासे डील-डौल वाले कोहली साहब खुद ही प्लांट दिखाने अपने एसी चेंबर से बाहर आ गए थे। 

ये मिल भी हमारे द्वारा विजिट की गयी बाकि मिलों जैसी ही थी। अन्दर वातावरण में तैरती धूल से हमारे फिरंगी मित्र अब तक अभ्यस्त हो चुके थे। उस ग़र्द-ग़ुबार से भरे वातावरण में तत्परता से काम करते मजदूरों को देख, अब उनमें कोई कौतुहल नहीं बच रहा था। पहले-पहल उन्हें चावल के ऊपर जूते रखने में थोड़ी परेशानी जरुर हुई पर पूरे प्लांट को देखने के लिये इस अनिवार्यता के आगे सब विवश थे। उनकी सारी हैरानी-परेशानी अब तक ख़त्म हो चुकी थी। तभी कुछ ऐसा हुआ जो वे लोग  पिछले प्लांटों में नहीं देख पाये थे।

एक बहुत ही कृशकाय आदमी ट्रक से एक कुंतल का बोरा पीठ पर रख कर सधे कदमों से उतर रहा था। तब तक बोरों का भार चालीस किलो नहीं हुआ था। एक पतला पटरा ट्रक को जमीन से जोड़े हुए था। गोदाम भी लगभग ट्रक से बीस मीटर की दूरी पर रहा होगा। फ्रांसीसियों का मुँह खुला का खुला रह गया।

कोहली साहब ने स्थिति को भाँप लिया। अंग्रेज़ी में बोले ये यू पी के भईये गज़ब के होते हैं। देखने में बिलकुल हड्डी, पर देह में इतनी ताकत होती है कि क्या बतायें। एक-एक, दो-दो कुंतल का माल इधर-उधर कर दें अपनी पीठ पर लाद के। पैसे के लिये ये यहाँ परदेश आते हैं और इतनी दिहाड़ी इन्हें अपने देश में नहीं मिलती जितनी यहाँ मिल जाती है। हम पंजाब के लोग देखने में भले ही कितने हट्टे-कट्टे दिखें पर मजदूरी करने के लिये ये भइये ही काम आते हैं। अब मैंने गौर किया की प्लांट के अधिकांश मजदूर बाहरी ही थे। भैये शब्द से मै दिल्ली से ही परिचित था। और ये भी मालूम था कि ये कोई आदरसूचक शब्द तो कतई नहीं लगता।

हिन्दी में मैंने सिर्फ़ इतना कहा भाई इस मेहनत की कीमत को समझो। अपने और अपने परिवार की दो वक्त की रोटी के लिये ये इतना भारी बोझा उठा रहा है। क्या यही काम हमारे पंजाबी बन्दे कनाडा और अमेरिका जैसे विकसित देशों में नहीं कर रहे। वहाँ के लिये हम भी तो भैये ही हैं।

- वाणभट्ट             

6 टिप्‍पणियां:

  1. फ्रांसीसी तो मजूदर के दमखम के कायल हुए थे, पर कोहली साहब ने तो उसके बारे में ऐसा हिकारती विश्‍लेषण किया कि "भारत निर्माण के जुमले गानेवालों" को अपनी नजरें नीचे करनी पड़ी होंगी।

    जवाब देंहटाएं
  2. दम कहीं चावल ढोते में ही न निकल जाये।

    जवाब देंहटाएं
  3. बासमती में भाइयों की मेहनत की बास है। सेठजी अगर श्रम और ईमानदारी का मूल्य ही समझ पाते तो देश की दशा, दिशा, सब दूसरी ही होती।

    जवाब देंहटाएं
  4. पंजाबी हास्य कलाकार ’भगवंत मान’ ने एक वीडियो में यही बात रिक्शे वाले भैये से कहलवाई थी।

    जवाब देंहटाएं
  5. । क्या यही काम हमारे बन्दे कनाडा और अमेरिका जैसे विकसित देशों में नहीं कर रहे। वहां के लिए हम भी तो भैये ही हैं।
    बिलकुल सही कहा ... विचारणीय पोस्ट

    जवाब देंहटाएं
  6. देश के हर श्रेष्ठ कमान में अपने से नीचे वालों के लिए ऐसे उदगार हमेशा मिल जाते हैं ...
    विचारवान पोस्ट है ...

    जवाब देंहटाएं

यूं ही लिख रहा हूँ...आपकी प्रतिक्रियाएं मिलें तो लिखने का मकसद मिल जाये...आपके शब्द हौसला देते हैं...विचारों से अवश्य अवगत कराएं...

चहास

अगर मै कहूँ की चाय की लत मुझे विरासत में मिली तो शायद गलत न होगा. कोई छोटा बच्चा दूध न पिये तो माँ का मन नहीं मानता. वो सारे जतन कर लेगी कि ...